सिडनी। ऑस्ट्रेलिया में बढ़ती आय अब भारतीय समुदाय सहित हज़ारों परिवारों पर भारी पड़ रही है। हालिया आँकड़े बताते हैं कि बड़ी संख्या में लोग अनजाने में मेडिकेयर लेवी सरचार्ज (Medicare Levy Surcharge) अदा कर रहे हैं। यह सरचार्ज उन पर लगाया जाता है जिनकी आय एक तय सीमा से अधिक है, लेकिन उनके पास निजी स्वास्थ्य बीमा नहीं है।
ऑस्ट्रेलिया में जैसे ही किसी व्यक्ति का वेतन सीमा पार करता है, वह ऊँचे टैक्स स्लैब में पहुँच जाता है। अगर समय पर प्राइवेट हेल्थ इंश्योरेंस नहीं लिया गया है तो सीधा-सीधा यह सरचार्ज काट लिया जाता है। ज़्यादातर लोग इसे साधारण टैक्स कटौती समझकर अनदेखा कर देते हैं।
यह सरचार्ज सालाना 1% से 1.5% तक होता है। नतीजा, मध्यम वर्गीय परिवारों की जेब से हज़ारों डॉलर अतिरिक्त निकल जाते हैं। सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि इसका एहसास लोगों को तब होता है जब वे सालाना टैक्स रिटर्न का हिसाब देखते हैं।
वित्तीय विशेषज्ञों का कहना है कि निजी स्वास्थ्य बीमा (Private Health Insurance) लेना इसका सबसे आसान समाधान है। इससे न केवल सरचार्ज से राहत मिलती है बल्कि मेडिकल आपात स्थिति में भी सहारा मिलता है।
साथ ही, टैक्स सलाहकारों की राय है कि हर परिवार को साल में कम-से-कम एक बार अपने टैक्स की समीक्षा करनी चाहिए ताकि अतिरिक्त बोझ से बचा जा सके।