बाली से ब्रिसबेन फ्लाइट में टॉयलेट खराब, यात्रियों की दुश्वारी

बाली से ब्रिसबेन फ्लाइट में टॉयलेट खराब, यात्रियों की दुश्वारी

ब्रिसबेन। वर्जिन ऑस्ट्रेलिया की बाली से ब्रिसबेन जा रही फ्लाइट में बड़ी तकनीकी गड़बड़ी ने यात्रियों को घंटों शर्मनाक स्थिति में डाल दिया। गुरुवार दोपहर डेनपासार से उड़ान भरने वाली वर्जिन फ्लाइट VA50 में सभी शौचालय अचानक खराब हो गए, जिसके चलते यात्रियों को बोतलों और अस्थायी तरीकों से राहत पाने पर मजबूर होना पड़ा।


घटना कैसे घटी

फ्लाइट के प्रस्थान से पहले ही विमान के पिछले हिस्से का एक टॉयलेट बंद था, लेकिन इंजीनियरिंग सहायता सीमित होने के कारण उड़ान को रद्द नहीं किया गया। यात्रा के बीच में बाकी दोनों टॉयलेट भी खराब हो गए। नतीजा यह हुआ कि करीब तीन घंटे तक यात्रियों को बेहद असुविधाजनक हालात का सामना करना पड़ा।

एक यात्री ने बताया कि एक बुजुर्ग महिला खुद को रोक नहीं पाईं और सबके सामने उन्हें अपमानजनक स्थिति झेलनी पड़ी। वहीं, केबिन क्रू ने यात्रियों से कहा कि उन्हें बोतलों में या फिर पहले से भरे हुए शौचालय में ही इस्तेमाल करना होगा।


यात्रियों की परेशानी

इस दौरान विमान में बदबू फैल गई और यात्रियों ने बताया कि फर्श पर पेशाब का रिसाव भी होने लगा था। एक यात्री के मुताबिक, “पूरा माहौल बेहद असहज और शर्मनाक था।”


एयरलाइन का बयान

वर्जिन ऑस्ट्रेलिया ने घटना की पुष्टि की और प्रभावित यात्रियों से माफी मांगी। कंपनी ने कहा,
“डेनपासार से ब्रिसबेन जाने वाली फ्लाइट में तकनीकी दिक्कत आने से शौचालय काम करना बंद कर दिए। हमें खेद है और हम यात्रियों को इसका पूरा मुआवज़ा देंगे।”