इस्तांबुल जा रही तुर्किश एयरलाइंस की उड़ान में तकनीकी खराबी, कोलकाता में कराई गई आपात लैंडिंग

इस्तांबुल जा रही तुर्किश एयरलाइंस की उड़ान में तकनीकी खराबी, कोलकाता में कराई गई आपात लैंडिंग

कोलकाता। नेपाल की राजधानी काठमांडू से तुर्की के इस्तांबुल जा रही तुर्किश एयरलाइंस की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान के एक इंजन में गंभीर तकनीकी खराबी का संकेत मिला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलटों ने तत्परता दिखाते हुए विमान को कोलकाता की ओर मोड़ दिया और नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित आपात लैंडिंग कराई।

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, तुर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या THY-727 ने बुधवार दोपहर 1.29 बजे काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से इस्तांबुल के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान जैसे ही विमान ने ऊंचाई पकड़नी शुरू की, तभी कॉकपिट में विमान के दो इंजनों में से एक इंजन के ठीक से काम न करने का अलर्ट मिला।

तकनीकी चेतावनी मिलते ही पायलटों ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और सुरक्षा कारणों से नजदीकी बड़े हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग का निर्णय लिया। इसके बाद विमान को कोलकाता की ओर डायवर्ट किया गया।

कोलकाता एयरपोर्ट प्रशासन को पहले ही स्थिति से अवगत करा दिया गया था। एहतियातन रनवे के पास फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और मेडिकल टीमों को तैनात कर दिया गया। सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विमान की सफल लैंडिंग कराई गई।

विमान में 236 यात्री और चालक दल के 11 सदस्य सवार थे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। लैंडिंग के बाद यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया।

एयरलाइन सूत्रों के मुताबिक, विमान को तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड किया गया है और इंजीनियरों की टीम इंजन में आई खराबी की विस्तृत जांच कर रही है। वहीं, यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ान और ठहरने की व्यवस्था करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

घटना के बाद कुछ देर के लिए कोलकाता एयरपोर्ट पर परिचालन प्रभावित रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।