सिडनी के रियल एस्टेट बिजनेस को लेकर परिवार में घमासान, बेटी ने माता-पिता पर किया मुकदमा

सिडनी के रियल एस्टेट बिजनेस को लेकर परिवार में घमासान, बेटी ने माता-पिता पर किया मुकदमा

27 जुलाई 2025 | सिडनी

सिडनी के पूर्वी उपनगरों में स्थित एक रियल एस्टेट एजेंसी को लेकर एक परिवार में गंभीर विवाद कोर्ट तक पहुंच गया है। इस विवाद में बेटी पाउला-मेरी पेन्हा ने अपने माता-पिता के खिलाफ न्यू साउथ वेल्स सुप्रीम कोर्ट में मुकदमा दायर किया है। उनका दावा है कि उन्हें बिना वेतन के 20 वर्षों तक पारिवारिक रियल एस्टेट एजेंसी में काम करने के बदले उसका मालिक बनाने का वादा किया गया था।

20 साल मुफ्त में किया काम, बदले में मिली सिर्फ 5000 डॉलर की रकम

पाउला-मेरी ने आरोप लगाया कि उनके पिता पॉल पेन्हा ने उनसे कहा था कि अगर वह उनकी बात माने और बिना वेतन काम करती रहें तो वे एक दिन “अमीर लड़की” बन जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि उन्हें मैट्रा रियल एस्टेट नाम की एजेंसी और ईस्टलेकस स्थित पारिवारिक घर देने का वादा किया गया था।

हालांकि, साल 2018 में पॉल पेन्हा ने रिटायरमेंट के बाद एजेंसी को सेंचुरी 21 को बेच दिया और बदले में बेटी को सिर्फ 5000 डॉलर दिए। 2022 में उन्होंने ईस्टलेकस वाला घर भी बेचने का फैसला किया, जिससे पाउला-मेरी को बड़ा झटका लगा।

कोर्ट में भावुक बयान

पाउला-मेरी ने कोर्ट में कहा, "मैंने हमेशा मां और पापा की बातों पर भरोसा किया। अगर उन्होंने वादा नहीं किया होता तो मैं कहीं और नौकरी करके वेतन लेती।" उन्होंने बताया कि वो और उनके दो बेटे तथा साथी आंद्रेआ अपनी मां थेरेसा के साथ उसी घर में रहते हैं, जिसे अब बेचने की अनुमति मिल गई है।

मां का भी साथ, लेकिन न्यायालय का फैसला पिता के पक्ष में

पाउला-मेरी की मां थेरेसा ने भी बेटी का समर्थन किया और पॉल को मैसेज भेजकर लिखा कि वह "पाउला और पोतों की जिंदगी बर्बाद कर रहे हैं"। बावजूद इसके, जस्टिस केट विलियम्स ने पाउला-मेरी की ‘एस्टॉपल’ याचिका खारिज कर दी।

न्यायाधीश ने कहा कि इस बात के पर्याप्त सबूत नहीं मिले कि उन्हें जीवित रहते हुए संपत्ति देने का स्पष्ट वादा किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि पाउला-मेरी और उनके साथी ने पिछले वर्षों में कई निवेश संपत्तियां खरीदीं क्योंकि वे बिना किराए के पारिवारिक घर में रह रहे थे।

पिता ने वसीयत बदली, अब संपत्ति बेटी को नहीं मिलेगी

मुकदमे के चलते पॉल पेन्हा ने अपनी वसीयत भी बदल दी है और अब वह अपनी संपत्ति अपनी दीर्घकालीन साथी आइरीन को देंगे। पॉल ने कोर्ट में कहा, "मैं थक गया हूं। जब पैसे थे तो सब ठीक, अब पैसे नहीं हैं तो मैं गलत हो गया। मैंने उन्हें करोड़पति बना दिया, लेकिन ये सब 'लेना-लेना-लेना' ही जानते हैं।"

अब जब कोर्ट ने घर बेचने की अनुमति दे दी है, पाउला-मेरी और उनका परिवार ईस्टलेकस वाला घर छोड़ने को मजबूर होगा।