पश्चिमी सिडनी स्थित Airds हाई स्कूल को सोमवार दोपहर एक गैस रिसाव की सूचना के बाद एहतियातन खाली करा लिया गया। घटना करीब दोपहर 1:30 बजे की है जब स्कूल परिसर में गैस की तीव्र गंध महसूस की गई।
Fire and Rescue NSW के अधीक्षक एडम ड्यूबेरी ने बताया, "स्कूल में गैस की गंध महसूस की गई, जिसे देखते हुए सभी छात्रों और कर्मचारियों को तुरंत स्कूल से बाहर निकालने का निर्णय लिया गया।"
आपातकालीन टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच की और पाया कि पास के सड़क निर्माण कार्य के दौरान गैस की एक मुख्य पाइपलाइन गलती से फट गई थी, जिससे गैस का रिसाव हो रहा था।
स्कूल प्रशासन ने सोशल मीडिया के ज़रिए जानकारी साझा करते हुए कहा,
"प्रिय अभिभावकों एवं संरक्षकों, यह निकासी केवल एहतियात के तौर पर की गई है। सभी छात्र और कर्मचारी पूरी तरह से सुरक्षित हैं। हमारी प्राथमिकता सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।"
हालांकि, स्कूल ने यह भी स्पष्ट किया कि स्थिति सामान्य होने तक वे फोन पर प्रतिक्रिया नहीं दे सकेंगे और अभिभावकों से धैर्य बनाए रखने की अपील की।
इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है और आपातकालीन सेवाएं स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए हुए हैं।