टोयोटा डीलरशिप में महिला कर्मचारी को ‘शॉर्ट स्कर्ट क्लब’ के नाम पर अपमानित किया गया, HR के व्यवहार पर उठे सवाल

टोयोटा डीलरशिप में महिला कर्मचारी को ‘शॉर्ट स्कर्ट क्लब’ के नाम पर अपमानित किया गया, HR के व्यवहार पर उठे सवाल

टाउनस्विल (ऑस्ट्रेलिया), 6 अगस्त 2025:
टोयोटा की एक डीलरशिप में कार्यरत महिला कर्मचारी को "शॉर्ट स्कर्ट क्लब" की शिकायत के बाद "बड़े साइज की स्कर्ट पहनने" की सलाह दी गई, जिससे वह बुरी तरह आहत और अपमानित महसूस कर resignation देने को मजबूर हुई। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के फेयर वर्क कमीशन ने यह दावा खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं ही इस्तीफा दिया था।

क्या है मामला?
एमी टॉन्किन नामक महिला ने जुलाई 2023 से माइक कार्नी टोयोटा (टाउनस्विल) में सेल्सपर्सन के रूप में काम करना शुरू किया था। अक्टूबर 2024 में एक बिजनेस ग्राहक ने डीलरशिप के स्टाफ के कपड़ों को लेकर शिकायत की थी, जिसमें "शॉर्ट स्कर्ट क्लब" जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया था। इसके बाद कंपनी ने ड्रेस कोड की समीक्षा की और कर्मचारियों को निर्देश जारी किए।

2 जनवरी 2025 को HR प्रतिनिधि ने एमी को बताया कि उनकी स्कर्ट घुटनों से ऊपर है और उन्हें "बड़ी साइज की स्कर्ट ट्राय करनी चाहिए"। इसके कुछ दिन बाद एक मेमो भेजा गया जिसमें उनकी “बॉडी प्रपोर्शन” (शारीरिक बनावट) का जिक्र किया गया और उनके मैनेजर्स को भी उसमें कॉपी किया गया।

'अपमानित' एमी ने मांगा जवाब
एमी ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया और पूछा कि क्या अन्य महिलाओं के साथ भी ऐसा हुआ है। जवाब में उन्हें कहा गया कि ऐसा पूछना “अनुचित” है। 10 जनवरी को एक मीटिंग के बाद एमी का मानसिक स्वास्थ्य बिगड़ गया और उन्हें डॉक्टर ने ‘स्ट्रेस लीव’ (मानसिक तनाव की छुट्टी) पर भेज दिया।

जब उन्होंने कंपनी से औपचारिक माफी की मांग की, तो उन्हें एक ऐसा दस्तावेज़ साइन करने को कहा गया जिसमें माफ़ी को कंपनी के खिलाफ इस्तेमाल न करने की शर्त थी। एमी ने इसे "चुप कराने की कोशिश" बताते हुए दस्तावेज़ साइन करने से इंकार कर दिया।

न्यायिक फैसला क्या कहता है?
फेयर वर्क कमीशन के डिप्टी प्रेसिडेंट निकोलस लेक ने माना कि HR का मामला "शुरू से अंत तक गलत तरीके से संभाला गया", और यह भी कहा कि "किसी महिला की स्कर्ट की लंबाई पर टिप्पणी करते समय अत्यंत संवेदनशीलता आवश्यक है।"

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि एमी को कंपनी ने जब कपड़े बदलने का सुझाव दिया और उन्होंने सहमति भी जताई, उसके बाद कुछ ही दिनों में इस्तीफा देने को मजबूर होने का ठोस प्रमाण सामने नहीं आया।

महिला की प्रतिक्रिया
एमी ने अपने त्यागपत्र में लिखा कि उनके साथ “यौन उत्पीड़न, भेदभाव और मानसिक उत्पीड़न” हुआ है और कंपनी ने माफ़ी का वादा निभाया नहीं। वहीं कंपनी का कहना था कि उन्होंने "उचित तरीके से ड्रेस कोड लागू करने की कोशिश की", लेकिन एमी "आक्रामक और टकरावपूर्ण" रही हैं।