मिडिल ईस्ट तनाव के बीच इंडिगो की फ्लाइट का यू-टर्न, दिल्ली से मैनचेस्टर जा रहा विमान वापस लौटा

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच इंडिगो की फ्लाइट का यू-टर्न, दिल्ली से मैनचेस्टर जा रहा विमान वापस लौटा

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच सोमवार को दिल्ली से मैनचेस्टर जा रही इंडिगो की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान को बीच रास्ते से वापस दिल्ली लौटना पड़ा। इंडिगो की फ्लाइट 6E33 ने दिल्ली से ब्रिटेन के मैनचेस्टर के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन इथियोपिया की सीमा के पास पहुंचने के बाद विमान ने अचानक यू-टर्न ले लिया और दिल्ली की ओर लौट गया।

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, विमान ने दिल्ली से निर्धारित समय पर उड़ान भरी थी और अफ्रीका की ओर अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ रहा था। हालांकि, इथियोपिया के हवाई क्षेत्र के पास पहुंचते ही विमान ने अचानक दिशा बदल ली और वापसी का रास्ता पकड़ लिया।

अचानक विमान के लौटने से यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए हलचल की स्थिति बन गई। बाद में विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान की आपातकालीन लैंडिंग कराई गई, हालांकि इसके पीछे का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं किया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, मिडिल ईस्ट क्षेत्र में जारी तनाव और हवाई मार्गों पर बढ़ी सतर्कता को देखते हुए यह फैसला लिया गया हो सकता है। एयरलाइन की ओर से फिलहाल आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

इंडिगो और एयरपोर्ट अधिकारियों द्वारा घटना की जांच की जा रही है। यात्रियों को आवश्यक सहायता और आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में मिडिल ईस्ट क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष के कारण कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के मार्गों में बदलाव किया जा रहा है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।