भारत तीसरी बार बना टी20 विश्व चैंपियन, फाइनल में न्यूज़ीलैंड को 96 रनों से हराया

भारत तीसरी बार बना टी20 विश्व चैंपियन, फाइनल में न्यूज़ीलैंड को 96 रनों से हराया

भारतीय क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए टी20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूज़ीलैंड को 96 रनों के बड़े अंतर से हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतने का गौरव हासिल किया। इस शानदार जीत के साथ टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में अपना दबदबा साबित कर दिया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारतीय पारी की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों पर 89 रन की शानदार पारी खेली। उनके साथ ईशान किशन ने भी तेज़ 54 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। दोनों बल्लेबाजों की साझेदारी ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।

256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूज़ीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। वहीं अक्षर पटेल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट हासिल किए।

भारतीय गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ और आक्रामक फील्डिंग के सामने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज लगातार दबाव में रहे और टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई।

इस जीत के साथ भारत ने टी20 विश्व कप में अपना तीसरा खिताब जीतकर नया इतिहास रच दिया। पूरे देश में टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया जा रहा है और क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।