पृथ्वी शॉ ने गर्लफ्रेंड आकृति अग्रवाल से की सगाई, सोशल मीडिया पर साझा की खुशखबरी

पृथ्वी शॉ ने गर्लफ्रेंड आकृति अग्रवाल से की सगाई, सोशल मीडिया पर साझा की खुशखबरी

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ ने अपनी लॉन्ग-टाइम गर्लफ्रेंड आकृति अग्रवाल से सगाई कर ली है। इस बात की जानकारी उन्होंने रविवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए साझा की। सगाई की खबर सामने आते ही उनके प्रशंसकों और क्रिकेट जगत से उन्हें लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं।

पृथ्वी शॉ ने इंस्टाग्राम पर अपनी मंगेतर आकृति अग्रवाल के साथ तस्वीर साझा करते हुए अपने रिश्ते को आधिकारिक किया। तस्वीर में दोनों बेहद खुश नजर आ रहे हैं। पोस्ट शेयर करते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने कमेंट्स के जरिए उन्हें नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।

बताया जा रहा है कि पृथ्वी और आकृति लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। हालांकि दोनों ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से ज्यादा चर्चा में नहीं रखा था। हाल ही में दोनों को एक साथ कई कार्यक्रमों में भी देखा गया था।

कुछ समय पहले सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी के समारोह में भी पृथ्वी शॉ आकृति अग्रवाल के साथ नजर आए थे। उस दौरान दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं और उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।

पृथ्वी शॉ भारतीय क्रिकेट टीम के प्रतिभाशाली बल्लेबाजों में गिने जाते हैं और घरेलू क्रिकेट के साथ-साथ आईपीएल में भी अपनी पहचान बना चुके हैं। अब सगाई की खबर के बाद उनके फैंस उन्हें निजी जीवन के इस नए अध्याय के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।